संतकबीरनगर , अगस्त 20 -- उत्तर प्रदेश के संतकबीरनगर जिले में अवैध एवं मिलावटी शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आबकारी विभाग और दुधारा पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जल-मिश्रित संदिग्ध शराब बेचने के मामले का खुलासा किया है। इस कार्रवाई में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया, जबकि मौके से बोतल, अद्धा और पौवा सहित कुल 51 अदद संदिग्ध मदिरा तथा 28,212 रुपये नकद बरामद किए गए।

जिला आबकारी अधिकारी संजय कुमार ने गुरुवार को बताया कि 19 अगस्त को उप आबकारी आयुक्त बस्ती प्रभार एस.पी. पाण्डेय, जिला आबकारी अधिकारी संतकबीरनगर संजय कुमार, आबकारी निरीक्षक प्रवर्तन-01 बस्ती कमलकान्त यादव तथा आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-02 मेंहदावल बसंत प्रसाद की संयुक्त टीम ने अब्बासगंज भिटिया स्थित कंपोजिट शराब की दुकान का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अल्कोहल मीटर से शराब की तीव्रता की जांच की गई, जिसमें मदिरा निर्धारित मानक से कम पाई गई। जांच में यह भी सामने आया कि पुराने ढक्कनों और क्यूआर कोड का उपयोग कर नई तथा खाली बोतलों में पानी मिली शराब भरकर उसे असली शराब के रूप में बेचा जा रहा था। अधिकारियों के अनुसार इस अवैध गतिविधि से न केवल सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंच रहा था, बल्कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के साथ भी गंभीर खिलवाड़ किया जा रहा था।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों की पहचान लवी पुत्र वीरेंद्र कुमार निवासी करमापुर माफी, थाना बीसलपुर, जनपद पीलीभीत तथा मनोज पाल पुत्र अहिबरन लाल निवासी उनौती, थाना टड़ियावां, जनपद हरदोई के रूप में हुई है। मामले में आदित्य कुमार पुत्र राजित राम निवासी चक अलीपुर शाह, थाना फतेहपुर, जनपद फतेहपुर का नाम भी प्रकाश में आया है।

आबकारी निरीक्षक बसंत प्रसाद की तहरीर पर थाना दुधारा में मुकदमा संख्या 347/26 दर्ज किया गया है। आरोपितों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318 एवं 319 तथा आबकारी अधिनियम की धारा 60/64 के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक रामसूरत प्रसाद द्वारा की जा रही है।

दुधारा थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि अवैध और मिलावटी शराब के कारोबार के खिलाफ पुलिस एवं आबकारी विभाग का अभियान लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित