संतकबीरनगर , फरवरी 15 -- उत्तर प्रदेश मं संतकबीरनगर जिले के खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र में एक निजी अस्पताल पर गलत इलाज और अवैध संचालन के आरोप में कोर्ट के आदेश पर डॉक्टर समेत आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि खलीलाबाद के तितौवा मोहल्ला निवासी श्याम कुमार पांडेय ने आरोप लगाया कि पेट दर्द की शिकायत पर उनकी भतीजी को मुखलिसपुर रोड स्थित आशीर्वाद हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था, जहां डॉ. सुनील कुमार प्रजापति ने उसका उपचार किया। परिजनों के अनुसार 15 दिन तक भर्ती रहने के बावजूद हालत में सुधार नहीं हुआ और कथित रूप से दवाओं के दुष्प्रभाव से युवती लकवाग्रस्त हो गई।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि जानकारी मांगने पर अस्पताल प्रबंधन ने अभद्र व्यवहार किया। साथ ही मुख्यमंत्री पोर्टल और आरटीआई से प्राप्त जानकारी में अस्पताल और स्टाफ का पंजीकरण नहीं पाया गया।
पुलिस क्षेत्राधिकारी सदर अमित कुमार ने बताया कि मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश पर डॉ. सुनील कुमार प्रजापति, स्टाफ नर्स अनीता देवी तथा अन्य कर्मचारियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस द्वारा विवेचना की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित