संतकबीरनगर , सितंबर 19 -- उत्तर प्रदेश में संतकबीरनगर जिले के बखिरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात गणेश प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान विवाद हो गया।
अमरडोभा चौराहे पर भीड़ ने सपा सांसद लक्ष्मीकांत उर्फ पप्पू निषाद की गाड़ी को घेर लिया और पथराव कर शीशे तोड़ दिए। सांसद को पुलिस ने भीड़ के बीच से सुरक्षित बाहर निकाला। घटना के बाद मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार बखिरा कस्बे से गणेश प्रतिमा विसर्जन का जुलूस अमरडोभा होते हुए ढोढया नहर की ओर जा रहा था। इसी दौरान पुलिस ने जुलूस में शामिल डीजे वाहन को रोककर उसकी फोटो खींची और उसे थाने ले जाने की बात कही। इससे जुलूस में शामिल लोग नाराज हो गए और अमरडोभा चौराहे पर सड़क पर बैठकर विरोध करने लगे। इसी दौरान सपा सांसद लक्ष्मीकांत उर्फ़ पप्पू निषाद की गाड़ियां वहां से गुजर रही थीं।
आरोप है कि भीड़ ने सांसद की गाड़ी को घेर लिया और पथराव कर दिया। सांसद के अनुसार, उनकी तीनों गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई। घटना के बाद सांसद और उनके साथ मौजूद लोगों ने भी सड़क पर बैठकर पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह समेत पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया।
सांसद को पुलिस सुरक्षा में सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस बल तैनात रहा। सांसद पप्पू निषाद ने बताया कि वह बाढ़ पीड़ितों और अन्य लोगों से मिलकर लौट रहे थे। अमरडोभा चौराहे पर जाम में उनकी गाड़ी फंस गई थी तभी नारेबाजी शुरू हुई और पार्टी का झंडा देखकर उनकी गाड़ियों पर ईंट-पत्थर चलाए जाने लगे। उन्होंने इसे जानलेवा हमला बताते हुए आरोप लगाया कि हमला राजनीतिक और जातिगत कारणों से किया गया।
गणेश प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान सपा सांसद की गाड़ी पर पथराव की घटना के संबंध में एसपी संदीप कुमार मीना ने यहां बताया कि शुक्रवार की रात 9:30 बजे गणेश प्रतिमा विसर्जन का जुलूस जा रहा था। इसी दौरान डीजे का जनरेटर खराब होने से डीजे संचालक और आयोजक के बीच डीजे चलाने को लेकर विवाद हो गया। एसपी ने बताया कि विवाद बढ़ने पर डीजे संचालक डीजे छोड़कर वहां से चला गया। इसी दौरान वहां से सांसद की गाड़ी गुजर रही थी। जुलूस में शामिल किसी व्यक्ति से गाड़ी के टच होने को लेकर लोगों ने विरोध किया। इसी दौरान जुलूस में शामिल एक व्यक्ति ने सांसद की गाड़ी पर पत्थर मार दिया। इसके बाद सांसद के साथ मौजूद समर्थक गाड़ी से बाहर आ गए और जुलूस में शामिल लोगों के बीच विवाद की स्थिति बन गई। पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और सांसद व उनके समर्थकों को सकुशल वहां से बाहर निकलवाया।
एसपी ने बताया कि बाद में डीजे संचालक को बुलाकर जुलूस को आगे रवाना कराया गया। गणेश प्रतिमा का सकुशल विसर्जन कराया गया और इसके बाद जुलूस को वहां से रवाना कर दिया गया। फिलहाल मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित