संतकबीरनगर , सितंबर 21 -- उत्तर प्रदेश में संतकबीरनगर जिले के थाना कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के कांटे गांव के बाहर सोमवार सुबह कोचिंग से लौट रहे कक्षा दस के दो छात्रों पर बदमाशों ने हमला कर दिया। तीन बाइकों से पहुंचे छह युवकों ने छात्रों की बाइक रोककर उनके साथ मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंचे लोगों को डराने के लिए एक युवक ने हवा में फायरिंग कर दी।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने यहाँ बताया कि ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी कि रजापुर सरैया गांव निवासी कक्षा दस का छात्र रमन यादव सोमवार सुबह करीब छह बजे अपने मित्र हरिओम गौतम के साथ बाइक से कांटे स्थित कोचिंग सेंटर गया था। दोनों छात्र करीब सवा सात बजे पढ़ाई के बाद घर लौट रहे थे। कांटे गांव से कुछ दूरी पर पहुंचते ही तीन बाइकों पर सवार छह युवकों ने उनकी बाइक रोक ली। आरोप है कि सभी युवकों ने चेहरे पर कपड़ा बांध रखा था। बाइक रुकते ही युवकों ने दोनों छात्रों के साथ मारपीट शुरू कर दी। मारपीट देखकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचने लगे और बीच-बचाव का प्रयास किया।
इसी दौरान आरोपितों में से एक युवक ने पिस्टल निकालकर हवा में फायर कर दिया। गोली चलने की आवाज से मौके पर दहशत फैल गई और लोग इधर-उधर भागने लगे। फायरिंग के बाद आरोपी वहां से भागने लगे, लेकिन छात्रों और ग्रामीणों ने एक युवक को पकड़ लिया। सूचना पर कांटे चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और पकड़े गए युवक को हिरासत में ले लिया। पुलिस वायरल वीडियो और घटना से जुड़े अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित