संतकबीरनगर , सितम्बर 27 -- उत्तर प्रदेश में संतकबीरनगर जिले के थाना धनघटा पुलिस ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने और दुष्कर्म के मामले में वांछित बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लेकर किशोर न्यायालय भेज दिया।
क्षेत्राधिकारी धनघटा अभयनाथ मिश्रा ने यहाँ बताया कि 25 सितंबर को पीड़िता की मां ने थाना धनघटा में तहरीर देकर अपनी नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर भगाने और दुष्कर्म किए जाने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया था। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 27 सितंबर को वांछित बाल अपचारी को बंडा बाजार के पास से पुलिस अभिरक्षा में लिया।
पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद बाल अपचारी को किशोर न्यायालय के समक्ष पेश करने के लिए रवाना कर दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित