संतकबीरनगर , सितंबर 26 -- उत्तर प्रदेश में संतकबीरनगर जिले के धनघटा थाना क्षेत्र की एक किशोरी को बहला-फुसलाकर गोरखपुर ले जाने और करीब दो महीने तक किराए के कमरे में रखकर दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता की मां की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता की मां के अनुसार, 18 जुलाई को बंडा बाजार निवासी अभिलाष कुमार उनकी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ गोरखपुर ले गया। आरोप है कि वहां उसने किराए पर कमरा लिया और बेटी को अपने साथ रखा। मां का आरोप है कि इस दौरान आरोपी ने नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया। परिजनों के मुताबिक, घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को नहीं दी गई। बदनामी के डर से परिवार के लोग अपने स्तर से नाबालिग की तलाश करते रहे।
बाद में जानकारी मिलने पर परिजन गोरखपुर पहुंचे और उसे वापस घर लाए। घर लौटने के बाद नाबालिग ने परिजनों को अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी। इसके बाद पीड़िता की मां ने शुक्रवार को धनघटा थाने में तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। सीओ धनघटा अभयनाथ मिश्रा ने यहाँ बताया कि नाबालिग के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित