संतकबीरनगर , फरवरी 27 -- उत्तर प्रदेश के संतकबीरनगर जिले के मेंहदावल थाना क्षेत्र में शुक्रवार तड़के एक तेज रफ्तार कार के पलट जाने से उसमे सवार तीन बारातियों की मौत हो गई। पुलिस क्षेत्राधिकारी मेंहदावल सर्वदमन सिंह ने बताया कि हादसा कस्बा मेंहदावल अंतर्गत बीएमसीटी मार्ग पर मोहल्ला अछिया में उस समय हुआ, जब बारात से लौट रहे लोग वाहन में सवार थे। अचानक कार अनियंत्रित होकर पलट गई। मृतकों की पहचान मेंहदावल थाना क्षेत्र के बढ़या ठाठर निवासी मिंटू पांडेय, पिंडारी कला निवासी दुर्गेश गुप्ता तथा बिशुनपुर निवासी श्रवण शर्मा के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना मेंहदावल के प्रभारी निरीक्षक सुरेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि हादसे में तीन लोगों की मृत्यु हुई है तथा मामले की जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित