संतकबीरनगर , जून 28 -- उत्तर प्रदेश में संतकबीरनगर जिले के मेंहदावल कस्बे में शनिवार देर रात आग लगने से पांच झोपड़ियां जलकर राख हो गईं। आगजनी के बाद एक पक्ष द्वारा दूसरे पक्ष पर पुरानी रंजिश के चलते आग लगाने का आरोप लगाए जाने पर दोनों पक्षों में मारपीट हो गई, जिसमें पांच लोग घायल हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।
पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) मेंहदावल सर्वदवन सिंह ने बताया कि घटना 27/28 जून की रात करीब 10 बजे कस्बे के बसडीला मोहल्ले में हुई। अचानक लगी आग ने देखते ही देखते पांच झोपड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया। स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक झोपड़ियां और उनमें रखा अधिकांश घरेलू सामान जलकर नष्ट हो चुका था।
आग लगने के बाद पीड़ित रामविलास ने गांव के कुछ लोगों पर पुरानी रंजिश के चलते जानबूझकर झोपड़ियों में आग लगाने का आरोप लगाया। आरोपों के बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। इस दौरान दोनों पक्षों के पांच लोग घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही मेंहदावल पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
सीओ ने बताया कि पांच झोपड़ियां जलने की सूचना मिली थी। पीड़ित द्वारा लगाए गए आरोपों की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित