संतकबीरनगर , मार्च 09 -- संतकबीरनगर जिले में थाना धनघटा पुलिस ने नाबालिगा को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने और दुष्कर्म करने के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।

पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने सोमवार को बताया कि अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना धनघटा पुलिस ने थाना धनघटा में दर्ज मुकदमे से संबंधित वांछित अभियुक्त सुरजीत , निवासी चपरा पूर्वी, थाना धनघटा, जनपद संतकबीरनगर को गिरफ्तार किया है।

उन्होंने बताया कि आरोपी को बिड़हरघाट पुल के पास से गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा गया। इस मामले में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 87, 137(2), 64(2) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 5एल/6 के तहत मुकदमा दर्ज है।

पुलिस के अनुसार पीड़िता की मां ने 1 मार्च 2026 को थाना धनघटा में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया था कि सुरजीत उनकी नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर भगा ले गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। महिला अपराध की संवेदनशीलता को देखते हुए थाना धनघटा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित