संतकबीरनगर , जुलाई 13 -- उत्तर प्रदेश के संतकबीरनगर जिले में संभावित बाढ़ से सुरक्षा एवं बचाव की तैयारियों का जायजा लेने के लिए अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सत्य प्रकाश ने मेंहदावल तहसील क्षेत्र में राप्ती नदी के दाहिने तट पर स्थित करमैनी-बेलौली तटबंध का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी ने ड्रेनेज खंड-दो, संतकबीरनगर के नियंत्रणाधीन करमैनी-बेलौली तटबंध पर संचालित नई बाढ़ परियोजनाओं तथा बाढ़ पूर्व तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने बाढ़ चौकी नौगों, बढ़या ठाठर और बेलौली के स्टोर का निरीक्षण किया, जहां पर्याप्त मात्रा में खाली सीमेंट की बोरियां, नायलॉन क्रेट, ईंट का रोड़ा तथा फिल्टर सामग्री के रूप में गिट्टी और मोरंग सहित अन्य आवश्यक सामग्री सुरक्षित रखी गई थी।

अपर जिलाधिकारी ने मौके पर उपस्थित अधिशासी अभियंता अजय कुमार, सहायक अभियंता मनीष राय तथा जूनियर इंजीनियरों से तटबंध पर किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को तटबंधों की सतत निगरानी बनाए रखने तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए सभी सुरक्षात्मक उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने तटबंध के अतिसंवेदनशील और संवेदनशील स्थलों की भी जानकारी प्राप्त की और संभावित बाढ़ से बचाव के लिए विभिन्न बिंदुओं पर संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित