चंडीगढ़ , मई 10 -- आम आदमी पार्टी (आप) ने रविवार को पंजाब भर में भाजपा के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा के खिलाफ ईडी कार्रवाई को राजनीति से प्रेरित बताया। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कई जिलों में भाजपा कार्यालयों का घेराव किया और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

आप नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा विरोधी दलों के नेताओं को निशाना बनाने और गैर-भाजपा सरकारों को अस्थिर करने के लिए प्रवर्तन निदेशालय (ईडी), सीबीआई और आयकर विभाग जैसी केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है। प्रदर्शन होशियारपुर, पटियाला, मोहाली समेत कई जिलों में हुए। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तख्तियां लेकर मोदी सरकार के खिलाफ नारे लगाए और भाजपा पर लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का आरोप लगाया। होशियारपुर में कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला भी फूंका।

वरिष्ठ आप नेता और वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि भाजपा ने जांच एजेंसियों को राजनीतिक हथियार बना दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब भी भाजपा को राजनीतिक हार का डर होता है, वह विपक्षी नेताओं पर केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल करती है।

चीमा ने कहा कि पहले पश्चिम बंगाल को निशाना बनाया गया और अब पंजाब को अस्थिर करने की कोशिश हो रही है, क्योंकि भाजपा आम आदमी पार्टी की बढ़ती लोकप्रियता और भगवंत मान सरकार के जनहित कार्यों को सहन नहीं कर पा रही।

पटियाला में कैबिनेट मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने प्रदर्शन का नेतृत्व करते हुए कहा कि भाजपा की राजनीति डर, धमकी और छापेमारी के इर्द-गिर्द घूमती है। उन्होंने कहा कि पंजाब को ईडी, सीबीआई और आयकर विभाग के जरिए डराया नहीं जा सकता।उन्होंने दावा किया कि पंजाबियों का इतिहास अन्याय और जुल्म के खिलाफ खड़े होने का रहा है और लोग भाजपा को लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देंगे।

आप नेताओं ने कहा कि पंजाब के लोग राजनीतिक बदले की भावना से संवैधानिक संस्थाओं के दुरुपयोग को बर्दाश्त नहीं करेंगे। पार्टी ने चेतावनी दी कि डर और दबाव की राजनीति के जरिए पंजाब को अस्थिर करने की हर कोशिश विफल होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित