सुलतानपुर , अप्रैल 06 -- आम आदमी पार्टी (आप) के सांसद संजय सिंह से जुड़े आदर्श आचार संहिता उल्लंघन के मामले की सोमवार को सुलतानपुर की एमपी/एमएलए कोर्ट में सुनवाई हुई। विवेचक अनूप कुमार से जिरह की गई, जिसके बाद मुकदमे की अगली सुनवाई के लिए कोर्ट ने 20 अप्रैल की तिथि नियत की है।

न्यायालयीय सूत्रों के अनुसार इससे पहले 19 मार्च को भी मामले की सुनवाई गवाहों की अनुपस्थिति के कारण टल गई थी। हालांकि, 27 फरवरी को एफआईआर लेखक अजीत कुमार ने अदालत में पेश होकर अपना बयान दर्ज कराया था, जिस पर बचाव पक्ष के वकील ने जिरह की थी। मुकदमे के जांच अधिकारी अनूप कुमार सिंह भी अदालत में मौजूद थे, जिनकी मुख्य परीक्षा पहले ही पूरी हो चुकी है।

मामला जिले के थाना बंधुआकला क्षेत्र में त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव के दौरान आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन से संबंधित है। घटना 13 अप्रैल 2021 की है, जब आरोप है कि पंचायत चुनाव के दौरान बंधुआकलां थाने के हसनपुर गांव में जिला पंचायत सदस्य सलमा बेगम के समर्थन में बिना अनुमति के एक सभा आयोजित की गई थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित