सुलतानपुर , फरवरी 27 -- उत्तर प्रदेश में सुलतानपुर जिले की एक विशेष अदालत ने आम आदमी पार्टी (आप) सांसद संजय सिंह से जुड़े एक पुराने मामले की सुनवाई शुक्रवार को हुई, जिसमें अगली सुनवाई के लिए 12 मार्च की तिथि नियत की गई है।

आप सांसद के अधिवक्ता मदन सिंह ने बताया कि आज की सुनवाई में साक्ष्य प्रस्तुत किए जाने थे। एफआईआर लेखक अजीत कुमार कोर्ट में पेश हुए और अपना बयान दर्ज कराया, जिसके बाद बचाव पक्ष (संजय सिंह के वकील) ने उनसे जिरह की। मुकदमे के जांच अधिकारी अनूप कुमार सिंह भी कोर्ट में उपस्थित थे, जिनकी मुख्य परीक्षा पहले ही संपन्न हो चुकी है। अदालत ने इस मामले की अगली सुनवाई 12 मार्च को निर्धारित की है, जिसमें जिरह की प्रक्रिया जारी रहेगी।

ज्ञात हो कि जिले के बंधुआकला क्षेत्र में बीते 13 अप्रैल 2021 को त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव के दौरान आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन से संबंधित मामला कोर्ट में चल रहा है। आरोप है कि पंचायत चुनाव के दौरान बंधुआकलां थाने के हसनपुर गांव में जिला पंचायत सदस्य सलमा बेगम के समर्थन में बिना अनुमति के एक सभा आयोजित की गई थी। पुलिस ने इस संबंध में संजय सिंह सहित 12 नामजद और 45 अज्ञात समर्थकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। जांच पूरी होने के बाद मकसूद अंसारी, सलीम अंसारी और जगदीश यादव समेत कुल 11 लोगों को आरोपी बनाया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित