सुलतानपुर , मई 29 -- आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सांसद संजय सिंह से जुड़े आदर्श आचार संहिता उल्लंघन मामले में शुक्रवार को सुलतानपुर की एमपी-एमएलए कोर्ट में सुनवाई शुक्रवार को टल गई। मामले के विवेचक लगातार दूसरी बार अदालत में उपस्थित नहीं हुए। सुनवाई के लिए 15 तारीख तय हुई है।

अधिवक्ता मदन सिंह ने बताया कि विवेचक को शुक्रवार को गवाही या बयान दर्ज कराने के लिए हाजिर होना था लेकिन वह दोबारा अनुपस्थित रहे। जिसकी वजह से सुनवाई टल गई और कोर्ट ने अब इस मामले की अगली सुनवाई 15 जून को तय की है। इससे पहले 20 मई को भी विवेचक कोर्ट में नहीं पहुंचे थे। वहीं 14 मई को अभियोजन पक्ष के गवाह सिपाही पंकज कुमार की गवाही दर्ज की गई थी और बचाव पक्ष ने उनसे जिरह पूरी की थी। पंकज कुमार घटना के समय तत्कालीन थाना प्रभारी प्रवीण सिंह के साथ थे।

ज्ञातव्य है कि बीते 13 अप्रैल 2021 को त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव के दौरान बंधुआकला थाना क्षेत्र के हसनपुर गांव में आयोजित एक चुनावी सभा से संबंधित है। आरोप है कि जिला पंचायत सदस्य सलमा बेगम के समर्थन में बिना अनुमति सभा आयोजित कर आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन किया गया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित