पटना , जुलाई 30 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से संत शिरोमणि रविदास महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में काशी (वाराणसी) से निकाली गई पवित्र कलश एवं रथ यात्रा का गुरुवार को बिहार में भव्य स्वागत किया गया। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा संत रविदास की जन्मस्थली से रवाना की गई पवित्र मिट्टी से भरा कलश आज पटना पहुँचा। भाजपा के प्रदेश महामंत्री राजेश झा के नेतृत्व में यह यात्रा मोहनिया के चांदनी चौक (अंबेडकर प्रतिमा) से बिहार में प्रवेश करने के बाद रामगढ़, बक्सर, आरा और पटना ग्रामीण होते हुए शाम को पटना महानगर पहुंची।
पटना जंक्शन स्थित प्रसिद्ध महावीर मंदिर में यात्रा का अंतिम पड़ाव हुआ, जहां भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने पवित्र कलश को श्रद्धापूर्वक अपने सिर पर धारण कर मंदिर परिसर स्थित संत रविदास प्रतिमा स्थल तक पहुंचाया और विधिवत उसकी स्थापना की।
इस दौरान पूरा परिसर "संत रविदास जी अमर रहें" और "जय संत रविदास" के जयघोष से गूंज उठा तथा वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया।
इसके बाद संत रविदास के प्रतिमा की विधिवत आरती एवं पूजा-अर्चना की गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, भाजपा कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय लोगों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में संगठन महामंत्री भीखू भाई दालसनिया, मंत्री विजय कुमार सिन्हा, पूर्व मंत्री मंगल पांडेय, पूर्व मंत्री जनक राम, प्रदेश महामंत्री प्रीति शेखर, विधायक सुजीत पासवान, विधायक संगीता राम, विधान पार्षद संजय मयूख, प्रदेश उपाध्यक्ष हरिभूषण ठाकुर बचौल, प्रदेश मीडिया प्रभारी दानिश इकबाल, अनामिका पासवान,डॉ सुग्रीव सहित प्रदेश के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु उपस्थित थे।
यात्रा के दौरान बिहार की सीमा में प्रवेश करते ही मोहनिया, रामगढ़, बक्सर और आरा सहित विभिन्न स्थानों पर गाजे-बाजे, पुष्पवर्षा और माल्यार्पण के साथ कलश एवं रथ यात्रा का भव्य स्वागत किया गया।
इस अवसर पर भाजपा नेताओं ने बताया कि काशी स्थित संत रविदास जी की जन्मस्थली से लाई गई पवित्र मिट्टी से भरा यह कलश अब बिहार के सभी जिलों और गांवों तक पहुंचाया जाएगा। भाजपा के कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि इस पवित्र कलश को लेकर पूरे प्रदेश में सामाजिक समरसता, समानता और संत रविदास जी के विचारों का संदेश जन-जन तक पहुंचाएंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित