नागपुर , जुलाई 16 -- शिवसेना (यूबीटी) नेता एवं राज्यसभा सदस्य संजय राउत ने गुरुवार को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से अयोध्या के राम मंदिर में एकत्र किये गये दान में कथित हेराफेरी के खिलाफ 18 जुलाई को नागपुर में आयोजित होने वाले पार्टी के 'राम रक्षा अभियान' में भाग लेने की अपील की।
शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे पहले ही इस विरोध प्रदर्शन में शामिल होने की घोषणा कर चुके हैं, जो मुख्यमंत्री के गृह नगर नागपुर में आयोजित होने वाला है। मुख्यमंत्री को लिखे एक पत्र में श्री राउत ने याद दिलाया कि श्री फडणवीस अक्सर अयोध्या में राम जन्मभूमि आंदोलन में अपनी भागीदारी के बारे में बात करते रहे हैं। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं के दान के प्रबंधन में बड़े पैमाने पर वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों के बीच अब राम मंदिर की पवित्रता की रक्षा करना भी उतना ही महत्वपूर्ण है।
श्री राउत ने आरोप लगाया कि मंदिर में चोरी, धोखाधड़ी और गबन की घटनाएं सामने आयी हैं और दावा किया कि सैकड़ों करोड़ रुपये के दान का दुरुपयोग किया गया है। उन्होंने उन खबरों का भी जिक्र किया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने इन कथित चोरियों पर चिंता व्यक्त की है। अभियान के उद्देश्य को स्पष्ट करते हुए श्री राउत ने कहा कि 'राम रक्षा आंदोलन' का उद्देश्य राम मंदिर से जुड़ी कथित वित्तीय अनियमितताओं के बारे में जन जागरूकता पैदा करना है। उन्होंने कहा कि "राम रक्षा" का अर्थ भगवान राम और उनकी पवित्रता की सुरक्षा है।
मंदिर के दान में कथित हेराफेरी का विवाद पिछले महीने सामने आया था। उसके बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने 13 जून को एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया था। गत 23 जून को प्रस्तुत एसआईटी की प्रारंभिक रिपोर्ट के आधार पर, 25 जून को एक प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज की गई, जिसके बाद आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित