नयी दिल्ली , अप्रैल 22 -- जनता दल यूनाइटेड (जदयू ) ने अपनी नयी राष्ट्रीय कार्यकारिणी और अन्य पदाधिकारियों की सूची जारी कर दी है।
जदयू की ओर से बुधवार को जारी सूची के अनुसार वरिष्ठ नेता एवं बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने रहेंगे, जबकि राज्यसभा सदस्य संजय कुमार झा को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष के पद पर यथावत रखा गया है। चौबीस सदस्यीय समिति में जदयू ने दो महिलाओं को जगह दी है, लेकिन श्री कमार के पुत्र निशांत कुमार को इसमें शामिल नहीं किया गया है।
पार्टी द्वारा जारी सूची के मुताबिक नयी कार्यकारिणी में कई पुराने और अनुभवी नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है। पार्टी ने संगठनात्मक संतुलन और क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व पर ध्यान देने की कोशिश की है।
जदयू ने पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में श्री झा को बरकरार रखा है, जिसे पार्टी की रणनीतिक स्थिरता से जोड़कर देखा जा रहा है। वहीं, पार्टी ने चंदेश्वर चंद्रवंशी को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया है जबकि सांसद डॉ. आलोक कुमार सुमन को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है।
जदयू ने 12 नेताओं को महासचिव बनाया है। इनमें मनीष कुमार वर्मा, आफाक अहमद खान, श्याम रजक, अशोक चौधरी, रोशन सिंह कुशवाहा, राम सेवक सिंह, कविता देवी, कपिल हंसदेव पटेल, राज सिंह मान, सुनील कुमार उर्फ इंजीनियर सुनील, हर्षवर्धन सिंह और मौलाना गुलाम रसूल बलियावी शामिल हैं। इसके श्री अलावा राजीव रंजन प्रसाद को प्रवक्ता सह सचिव बनाया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित