जयपुर , सितंबर 07 -- न्यायमूर्ति संजय कुमार अग्रवाल ने सोमवार को यहां राजस्थान उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश पद की शपथ ली।

राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागडे ने लोकभवन में न्यायमूर्ति अग्रवाल को उनके पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। न्यायमूर्ति अग्रवाल ने अंग्रेजी में शपथ ली। वह राज्य के 44वें मुख्य न्यायाधीश हैं।

समारोह के प्रारम्भ में राज्य के मुख्य सचिव वी श्रीनिवास ने राज्यपाल से न्यायमूर्ति अग्रवाल को शपथ दिलवाने का आग्रह किया। इससे पहले उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु द्वारा जारी मुख्य न्यायाधीश की नियुक्ति अधिसूचना एवं वारंट पढ़कर सुनाया।

इस अवसर पर आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी, डॉ. प्रेमचंद बैरवा और मंत्रिमण्डल के सदस्य, जनप्रतिनिधि, राजस्थान उच्च न्यायालय के न्यायाधीश, अधिकारी, अधिवक्ता एवं न्यायमूर्ति अग्रवाल के परिजन मौजूद थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित