पटना , जनवरी 30 -- पटना के नगर आयुक्त यशपाल मीणा ने नगर निगम सभी शाखाओं को स्पष्ट निर्देश दिया है कि योजनाओं एवं अन्य कार्यालयी कार्यों से संबंधित संचिकाओं (फाइलों) के निष्पादन में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए,एवं इसमें तीन कार्यदिवस से अधिक समय नहीं लगना चाहिए।
नगर आयुक्त श्री मीणा ने स्पष्ट किया है कि यदि समीक्षा के दौरान यह पाया गया कि किसी भी स्तर पर संचिकाएं अनावश्यक रूप से लंबित रखी जा रही हैं, वह प्रशासनिक दृष्टि से उचित नहीं है। उन्होंने इसे गंभीर प्रशासनिक मुद्दा मानते हुए सभी पदाधिकारियों और कर्मचारियों को चेतावनी दी है कि कार्य संस्कृति में जवाबदेही और तत्परता अनिवार्य है।
सभी शाखा प्रभारियों को यह भी निर्देश दिया गया है कि वे अपने स्तर पर लंबित संचिकाओं की नियमित समीक्षा करें और यह सुनिश्चित करें कि फाइलें अनावश्यक रूप से इधर-उधर न रुकी रहें। प्राथमिकता वाले मामलों का शीघ्र निपटारा किया जाए तथा निर्णय प्रक्रिया को सरल और तेज बनाया जाए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित