नयी दिल्ली , अगस्त 28 -- संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा है कि दूरसंचार विभाग की नागरिक केंद्रित डिजिटल पहल 'संचार साथी' के जरिए देशभर में एक महीने में 75 हजार से अधिक गुम और चोरी हुए मोबाइल हैंडसेट बरामद किये गये हैं।

संचार साथी दूरसंचार विभाग की नागरिक-केंद्रित डिजिटल पहल और मोबाइल ऐप है, जिसके जरिए गुम या चोरी हुए मोबाइल की शिकायत दर्ज कर उन्हें ब्लॉक कराने तथा उनकी बरामदगी में मदद मिलती है।

श्री सिंधिया ने शुक्रवार को सोशल मीडिया एक्स पर कहा कि संचार साथी पर गुम या चोरी हुए मोबाइल की शिकायत दर्ज कराने के बाद हैंडसेट को भारतीय दूरसंचार नेटवर्क पर ब्लॉक कर दिया जाता है और उसके दोबारा इस्तेमाल की कोशिश होने पर इसकी जानकारी संबंधित नागरिक तथा पुलिस थाने को भेजी जाती है, जिससे मोबाइल की बरामदगी में मदद मिलती है।

उन्होंने कहा कि दूरसंचार विभाग, दूरसंचार सेवा प्रदाताओं और राज्यों तथा केंद्र शासित प्रदेशों की पुलिस के बीच बेहतर समन्वय तथा संचार साथी की सुविधाओं में लगातार सुधार से यह उपलब्धि हासिल हुई है। विभाग के अनुसार, अप्रैल 2025 से जुलाई 2026 के बीच मासिक मोबाइल बरामदगी में 201 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित