लखनऊ , फरवरी 18 -- राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के शताब्दी वर्ष के अवसर पर लखनऊ प्रवास पर पहुंचे। संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत के लखनऊ विश्वविद्यालय दौरे के दौरान बुधवार को परिसर में हंगामा हो गया। कार्यक्रम स्थल के बाहर एनएसयूआई और यूथ कांग्रेस से जुड़े छात्रों ने जमकर नारेबाजी की और 'गो बैक' के नारे लगाए। जानकारी के अनुसार, मोहन भागवत संघ के शताब्दी समारोह के तहत विश्वविद्यालय पहुंचे थे। उनके आगमन से पहले ही एनएसयूआई और कांग्रेस समेत अन्य विपक्षी दलों से जुड़े छात्र संगठनों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन के दौरान छात्रों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक हुई। कुछ प्रदर्शनकारियों ने पुलिस बैरिकेडिंग पार करने की कोशिश की, जिसके बाद मौके पर मौजूद पुलिस बल ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए कई छात्रों को हिरासत में ले लिया। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित