लखनऊ , अप्रैल 18 -- संसद में नारी शक्ति अधिनियम संशोधन बिल के गिरने के बाद राजनीतिक बयानबाज़ी तेज हो गई है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए इसे लोकतंत्र और संविधान पर हमला बताया है।

अजय राय ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने देश की आधी आबादी को ढाल बनाकर परिसीमन लागू करने की कोशिश की, जो लोकतंत्र, संविधान और संघीय ढांचे को कमजोर करने का प्रयास था। उन्होंने दावा किया कि विपक्षी गठबंधन ने इस रणनीति को समय रहते समझ लिया, जिसके चलते संविधान संशोधन बिल संसद में गिर गया।

कांग्रेस नेता ने कहा कि मोदी-शाह अपनी राजनीतिक छवि चमकाने के लिए लोकतांत्रिक संस्थाओं को नुकसान पहुंचाने पर उतारू थे, लेकिन उनकी यह कोशिश विफल हो गई। उन्होंने मांग की कि केंद्र सरकार देश से माफी मांगे, क्योंकि महिला आरक्षण बिल को तीन साल पहले सर्वसम्मति से पारित होने के बावजूद विवादित बना दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित