बैतूल , जुलाई 26 -- मध्यप्रदेश के बैतूल रेलवे स्टेशन पर बेंगलुरु से दानापुर जा रही संघमित्रा एक्सप्रेस में यात्रा के दौरान एक युवक की तबीयत बिगड़ने पर उसे उतारकर जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

जीआरपी के अनुसार मृतक की पहचान विशाल मांझी (21), निवासी जिला सारण (बिहार), के रूप में हुई है। वह संघमित्रा एक्सप्रेस से बेंगलुरु से अपने गृह राज्य बिहार जा रहा था। यात्रा के दौरान उसकी अचानक तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गया। इसकी सूचना सहयात्रियों ने रेलवे अधिकारियों को दी।

सूचना मिलते ही बैतूल रेलवे स्टेशन पर जीआरपी और रेलवे कर्मचारियों की टीम ने ट्रेन रुकने पर युवक को बाहर निकालकर एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

जीआरपी ने बताया कि घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई है। प्रारंभिक जांच में युवक की मौत बीमारी के कारण होना प्रतीत हो रही है। हालांकि, मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। जीआरपी अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल मामले में किसी संदिग्ध परिस्थिति के संकेत नहीं मिले हैं, फिर भी सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित