बैतूल , अक्टूबर 02 -- संघमित्रा एक्सप्रेस में यात्रा के दौरान सीट पर छूटा करीब छह लाख रुपये कीमत का सोने का मंगलसूत्र, नकदी और जरूरी दस्तावेजों से भरा पर्स बैतूल रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने यात्री को सुरक्षित लौटा दिया। पर्स मिलने के बाद आरपीएफ ने रेल मदद पर दर्ज शिकायत के आधार पर यात्री से संपर्क किया और पहचान की प्रक्रिया पूरी करने के बाद सामान सौंप दिया।
जानकारी के अनुसार आंध्र प्रदेश निवासी अनुषा अनामरेड्डी 29 सितंबर को विजयवाड़ा से नागपुर की यात्रा कर रही थीं। वह संघमित्रा एक्सप्रेस के ए-1 कोच में बर्थ नंबर 23 पर यात्रा कर रही थीं। नागपुर स्टेशन से ट्रेन के रवाना होने के बाद उन्हें अपना पर्स सीट पर छूट जाने की जानकारी हुई। पर्स में चार तोला सोने का मंगलसूत्र, 2,410 रुपये नकद, दवाइयां, एटीएम कार्ड और पैन कार्ड सहित अन्य जरूरी सामान रखा था।
यात्रा के दौरान पर्स ट्रेन के टीटीई अरविंद कुमार को मिला। उन्होंने पर्स को बैतूल आरपीएफ के सहायक उप निरीक्षक डीके देशमुख और महिला प्रधान आरक्षक फराह खान के सुपुर्द कर दिया। आरपीएफ ने पर्स को सुरक्षित रखते हुए उसमें मौजूद सामान की जानकारी दर्ज की।
इसी दौरान रेल मदद के माध्यम से यात्री का सामान ट्रेन में छूटने की शिकायत आरपीएफ को मिली। शिकायत के आधार पर आरपीएफ ने अनुषा अनामरेड्डी से संपर्क किया और उन्हें बैतूल पहुंचकर सामान की पहचान करने के लिए कहा।
अनुषा एक अक्टूबर को बैतूल पहुंचीं। आरपीएफ की मौजूदगी में उन्होंने पर्स और उसमें रखे सामान की पहचान की। आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरपीएफ ने सोने का मंगलसूत्र, नकदी, दवाइयां, एटीएम कार्ड, पैन कार्ड सहित पूरा सामान उन्हें सौंप दिया। सामान वापस मिलने पर अनुषा ने बैतूल आरपीएफ और रेलवे कर्मचारियों के प्रति आभार जताया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित