जयपुर , मई 18 -- राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा है कि संग्रहालय केवल पुरानी वस्तुओं को सुरक्षित रखने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि वे हमारी सभ्यता, संस्कृति और इतिहास को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण जरिया भी हैं।

श्रीमती दिया कुमारी सोमवार को यहां विश्व संग्रहालय दिवस के अवसर पर अल्बर्ट हॉल म्यूजियम पहुंचीं और उन्होंने संग्रहालय में आयोजित विशेष प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने वहां प्रदर्शित ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं पुरातात्विक धरोहरों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने कहा कि विश्व संग्रहालय दिवस जैसे आयोजन युवाओं और बच्चों को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का अवसर प्रदान करते हैं, जिससे उनमें इतिहास और परंपराओं के प्रति जागरूकता बढ़ती है।

उप मुख्यमंत्री ने संग्रहालयों के संरक्षण और संवर्धन की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि राजस्थान की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहर पूरी दुनिया में अपनी अलग पहचान रखती है। ऐसे में संग्रहालयों को आधुनिक सुविधाओं से जोड़कर पर्यटन को और अधिक बढ़ावा दिया जा सकता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और पर्यटन विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है।

उन्होंने संग्रहालय परिसर में व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों से संग्रहालय में आने वाले पर्यटकों के लिए उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने प्रदर्शनी में रखी गयी प्राचीन कलाकृतियों, हथकरघा वस्तुओं, चित्रों और ऐतिहासिक धरोहरों को ध्यानपूर्वक देखा तथा उनकी सराहना की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित