चंडीगढ़ , अगस्त 17 -- पंजाब में आम आदमी पार्टी (आप) को उस समय राजनीतिक मजबूती मिली, जब संगरूर जिले से कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं, पूर्व पदाधिकारियों, निर्वाचित प्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस छोड़कर आप का दामन थाम लिया। पार्टी में शामिल होने वालों का स्वागत आप के वरिष्ठ नेता एवं पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया, कैबिनेट मंत्री बरिंदर कुमार गोयल और पंजाब आप मीडिया प्रभारी बलतेज पन्नू ने किया।

आप में शामिल होने वालों में कांग्रेस सदस्य एवं दिड़बा हलका समन्वयक सनमीक सिंह हेनरी, यूथ कांग्रेस के प्रदेश सचिव एवं संगरूर जिला यूथ कांग्रेस के पूर्व उपाध्यक्ष प्रभ नूर सिद्धू, पंजाब स्टेट ग्रीवांस रिड्रेसल कमेटी के सदस्य एवं लहरागागा नगर परिषद के वार्ड छह के पार्षद एडवोकेट रजनीश गुप्ता, पूर्व सरपंच गुरसेवक सिंह, जिला कांग्रेस कमेटी के महासचिव लखविंदर सिंह और मंदीप सिंह समेत कई नेता शामिल हैं।

इसके अलावा पूर्व सरपंच वीर सिंह, डीपी मास्टर सुखविंदर सिंह, रोहित कुमार सिंगला, कारोबारी रॉकी गर्ग, पूर्व सरपंच एवं पूर्व एससी विंग चेयरमैन डॉ बलजीत सिंह, पूर्व बीएसएफ जवान गुरप्रीत सिंह और कारोबारी सुखपाल शर्मा ने भी आप की सदस्यता ग्रहण की।

नये सदस्यों का स्वागत करते हुए पूर्व उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि पंजाब से सच्चा प्यार करने वाले विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता अब आप को उम्मीद की किरण के रूप में देख रहे हैं। उन्होंने कहा कि आप संयोजक अरविंद केजरीवाल द्वारा लगाये गये पौधे को मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने पिछले चार वर्षों में पंजाब में मजबूती से आगे बढ़ाया है और आज प्रदेश में हो रहा विकास लोगों के सामने है।

श्री सिसोदिया ने कहा कि किसानों के लिए पानी की व्यवस्था, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार, मुफ्त बिजली तथा महिलाओं के लिए आर्थिक सहायता जैसे सरकार के कार्यों से लोग प्रभावित हैं। उन्होंने दावा किया कि पंजाब के विकास के लिए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी ही आगे बढ़ने का विकल्प बन रही है।

पार्टी में शामिल हुए नेताओं की ओर से बोलते हुए श्री सनमीक सिंह हेनरी ने कहा कि वे लंबे समय तक कांग्रेस से जुड़े रहे और उनका परिवार तीन पीढ़ियों से कांग्रेस के साथ रहा है, लेकिन उन्हें लगातार उपेक्षा महसूस हुई। उन्होंने कहा कि जमीन स्तर पर काम करने वाले कार्यकर्ताओं को उचित सम्मान और अवसर नहीं मिल रहे थे।

श्री हेनरी ने कहा कि भगवंत मान सरकार ने जमीनी स्तर से काम शुरू किया है और वे ऐसी राजनीतिक संस्था का हिस्सा बनना चाहते थे, जहां कार्यकर्ताओं के योगदान को पहचान और सम्मान मिले। उन्होंने कैबिनेट मंत्री बरिंदर कुमार गोयल के अपने विधानसभा क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की भी सराहना की। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उसके वरिष्ठ नेता एक ही परिवार को चार टिकट देने की बात कर रहे हैं, जबकि दशकों से पार्टी के लिए काम करने वाले जमीनी कार्यकर्ताओं की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने कहा कि आप में वॉलंटियरों और जमीनी कार्यकर्ताओं को सम्मान और आगे बढ़ने के अवसर मिलते हैं।

नये शामिल नेताओं ने कहा कि वे पंजाब के विकास और पार्टी की नीतियों से प्रभावित होकर आम आदमी पार्टी में शामिल हुए हैं और संगठन को मजबूत करने के लिए काम करेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित