संगरूर , जून 30 -- पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने मंगलवार को संगरूर के वॉर हीरोज स्टेडियम में 9.50 करोड़ रुपये की लागत से बने ओलंपिक मानकों वाले आधुनिक स्विमिंग पूल का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह अत्याधुनिक सुविधा संगरूर को भविष्य के एशियाई, विश्व और ओलंपिक चैंपियनों की नर्सरी बनाने में अहम भूमिका निभाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार खेलों के क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप तैयार इस स्विमिंग पूल की लंबाई 50 मीटर और चौड़ाई 21 मीटर है, जबकि इसकी गहराई 4.6 फुट से 7.6 फुट तक है। इसमें लगभग 25 लाख लीटर पानी की क्षमता है और इसे विश्व स्तरीय तकनीक के साथ विकसित किया गया है। उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों की सुविधा के लिए आधुनिक चेंजिंग रूम, शॉवर सुविधाएं, प्रशिक्षकों के लिए अलग कमरे, स्टोर रूम और अत्याधुनिक जिम भी बनाया गया है। सात वर्ष से कम आयु के बच्चों के लिए अलग मिनी स्विमिंग पूल भी तैयार किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह स्विमिंग पूल विश्व की आधुनिक मिर्था रेनोवएक्शन और क्लासिक मॉड्यूलर सिस्टम तकनीक से बनाया गया है। इसमें यूरोपीय मानकों के अनुरूप जल शोधन और कीटाणुशोधन प्रणाली स्थापित की गयी है, जिससे खिलाड़ियों को सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण मिलेगा।उन्होंने कहा कि संगरूर पहले से ही तैराकी, मुक्केबाजी और हॉकी जैसे खेलों में अपनी पहचान रखता है। अब आधुनिक खेल सुविधाओं के उपलब्ध होने से यहां के खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन का अवसर मिलेगा।
श्री मान ने कहा कि पिछली सरकारों के समय खेल बजट कभी 200 करोड़ रुपये से अधिक नहीं हुआ, जबकि उनकी सरकार ने इसे बढ़ाकर 1,790 करोड़ रुपये कर दिया है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को प्रशिक्षण के लिए अग्रिम वित्तीय सहायता दी जाएगी तथा अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में स्वर्ण पदक जीतने पर एक करोड़ रुपये, रजत पदक पर 75 लाख रुपये और कांस्य पदक पर 50 लाख रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि पंजाब सरकार जल्द ही पंजाब प्रीमियर लीग और पंजाब हॉकी लीग शुरू करेगी, ताकि राज्य से अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार किये जा सकें। साथ ही अक्टूबर-नवंबर में मोहाली और जालंधर में पहली बार एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन भी किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को खेलों के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि सरकार खेलों के विकास के लिए धन और सुविधाओं की कोई कमी नहीं आने देगी। उन्होंने यह भी बताया कि राज्यभर में युवाओं को नशे से दूर रखने और खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 3,100 स्टेडियमों का निर्माण किया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित