चंडीगढ़ , अप्रैल 08 -- पंजाब आम आदमी पार्टी (आप) के मुख्य प्रवक्ता और विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने बुधवार को विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा के उस बयान की कड़ी आलोचना की है जिसमें उन्होंने संगरूर की धरती को 'दीमक' पैदा करने वाली धरती बताया था।
श्री धालीवाल ने इस टिप्पणी को बाजवा की ओछी मानसिकता और पंजाब के गौरवशाली इतिहास के प्रति उनकी अज्ञानता का प्रतिबिंब करार दिया।
श्री धालीवाल ने एक संंवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि प्रताप सिंह बाजवा को ऐसा बयान देने से पहले संगरूर का इतिहास पढ़ लेना चाहिए था। जिस धरती ने शहीद ऊधम सिंह और सेवा सिंह ठीकरीवाला जैसे महान देशभक्तों और कई महत्वपूर्ण आंदोलनों को जन्म दिया, उसे 'दीमक' कहना बेहद शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि संगरूर वह जिला है जिसने हमेशा क्रांतिकारी आंदोलनों का नेतृत्व किया है, चाहे वह आजादी की लड़ाई हो या हालिया किसान आंदोलन।
श्री धालीवाल ने सवाल किया कि क्या कांग्रेस नेता संत राम सिंगला, जिनकी पुण्यतिथि पर बाजवा बोल रहे थे, वे भी 'दीमक' थे? उन्होंने आगे कहा कि वहां मौजूद पूर्व मंत्री विजय इंदर सिंगला के जमीर ने बाजवा को संगरूर के बारे में ऐसी टिप्पणी करने से क्यों नहीं रोका? बाजवा के अनुसार, क्या पूर्व मुख्यमंत्री राजिंदर कौर भट्टल और उनके स्वतंत्रता सेनानी पिता हीरा सिंह भट्टल भी 'दीमक' थे? बाजवा को पंजाब की जनता और संगरूर के निवासियों से तुरंत माफी मांगनी चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित