प्रयागराज , जनवरी 26 -- प्रयागराज माघ मेले में गणतन्त्र दिवस का पर्व बड़े ही धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर साधु संतों के शिविरों में भी ध्वजारोहण किया गया। संगम की रेती पर लगे माघ मेले में गणतंन्त्र दिवस के मौके पर धर्मध्वजा के साथ ही शान से तिरंगा झंडा भी फहराया गया। माघ मेले में बसाये गए दंडी बाडा के नागेश्वर धाम में अखिल भारतीय दंडी सन्यासी परिषद के संरक्षक स्वामी महेशाश्रम महाराज ने ध्वजा रोहण किया। इस दौरान साधु संतों ने राष्ट्र गान गाया और वंदे मातमरम् और हरहर महादेव का भी जयघोष किया। इस मौके पर उन्होंने कहा है कि राष्ट्रध्वज और धर्मध्वज दोनों का अटूट संबंध है। राष्ट्रध्वज हमारे दिल में राष्ट्र की एकता,अखंडता और संप्रभुता के लिए काम करने के लिए प्रेरित करता है। जबकि धर्मध्वज आत्म बल जागृत करता है। जब दोनों का संबंध हो जाता है तो व्यक्ति देश के लिए जीने मरने के लिए तैयार हो जाता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित