फिरोजाबाद , फरवरी 08 -- फिरोजाबाद के शिकोहाबाद में रविवार को आयोजित हिंदू सम्मेलन में कथावाचक ठाकुर देवकीनंदन महाराज ने कहा कि जब तक सनातन समाज संगठित नहीं होगा, तब तक उसकी आवाज दबाई जाती रहेगी। उन्होंने "सनातन वोट बनाओ, सनातनियों को आगे बढ़ाओ" का नारा देते हुए समाज से एकजुट रहने का आह्वान किया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और विभिन्न हिंदू संगठनों के लोग उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में महाराज ने राष्ट्र और समाज की मजबूती के लिए चरित्र निर्माण को आवश्यक बताया। उन्होंने कहा कि ऐसा देश स्वीकार्य नहीं हो सकता जहां बच्चों को तिलक लगाने से रोका जाए। माता-पिता के सम्मान, माथे पर तिलक और हाथ में कलावा बांधने को उन्होंने सनातन संस्कृति की पहचान बताया। दिल्ली और उत्तर प्रदेश से बच्चों के लापता होने के मुद्दे पर उन्होंने गहन जांच और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की।

वेबसीरीज "घूसखोर पंडित" पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने आपत्ति जताई और इसे सनातन परंपराओं का अपमान बताया। उन्होंने कहा कि ब्राह्मण, साधु-संतों के प्रति अनादर समाज को धर्म से विमुख करने का प्रयास है। ऐसी सामग्री पर रोक लगाने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग भी उन्होंने की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित