पटना , फरवरी 25 -- अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) पर्यवेक्षक और राज्यसभा सांसद अशोक सिंह ने बुधवार को कहा कि कांग्रेस संगठन को धारदार बनाने और नए लोगों को इससे जोड़ने के उद्देश्य से सृजन कार्यक्रम का संचालन किया जा रहा है।
राज्यसभा सांसद अशोक सिंह ने आज सदाकत आश्रम में प्रदेश कांग्रेस पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में संगठन सृजन अभियान के तहत पटना महानगर कांग्रेस के सक्रिय और वरिष्ठ सदस्यों के साथ इसकी रूपरेखा और विस्तार पर अहम बैठक की।
श्री सिंह ने इस दौरान कहा कि कांग्रेस संगठन को प्रत्येक नेताओं के सहयोग से धारदार बनाने और नए लोगों को जोड़ने की विस्तृत रूपरेखा के साथ सृजन कार्यक्रम का संचालित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि संगठन में सक्रिय और उत्साही लोगों की भूमिका को उभार कर उन्हें ताकतवर बनाने का काम पार्टी कर रही है। आने वाले समय में संगठन सृजन कार्यक्रम ही जिलों में कांग्रेस के नेतृत्व को मजबूती देगा।
इस दौरान प्रदेश कांग्रेस के पर्यवेक्षक और मीडिया विभाग के चेयरमैन राजेश राठौड़, सौरभ सिंहा, मुंद्रिका यादव ने भी संगठन सृजन कार्यक्रम की रुपरेखा जिला महानगर कांग्रेस कमिटी के वरिष्ठ नेताओं के साथ साझा किया।
वरिष्ठ नेता सुबोध कुमार, जिलाध्यक्ष डॉ. शशि रंजन, ब्रजेश प्रसाद मुनन, कुमार आशीष, रंजीत कुमार, बिमलेश तिवारी, ज्ञान रंजन सहित जिले के सभी वरिष्ठ नेतागण इस बैठक सह संवाददाता सम्मेलन में शामिल हुए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित