राजनीति कांग्रेस संगठनदेवरिया , अगस्त 11 -- कांग्रेस शीर्ष नेतृत्व से नामित देवरिया के पर्यवेक्षक भईया जी पवार ने यहां मंगलवार को कहा कि संगठन सृजन अभियान से बूथ स्तर मजबूत होगा।
कांग्रेस कार्यालय पर प्रेस कॉन्फ्रेंस में श्री पवार ने कहा कि कांग्रेस शीर्ष नेतृत्व के निर्देश पर पूरे देश में संगठन सृजन अभियान' चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर से लेकर जिला स्तर तक अधिक मजबूत, सक्रिय और प्रभावी बनाना है। देवरिया जनपद में बूथ, न्याय पंचायत, ब्लॉक एवं जिला स्तर पर संगठनात्मक कार्यों का गहन अध्ययन किया जायेगा तथा कार्यकर्ताओं की सक्रियता, निष्ठा, जन-सरोकारों से जुड़ाव और जमीनी भूमिका का मूल्यांकन कर ही संगठन का निर्माण किया जायेगा।
श्री पवार ने कहा कि संगठन में पद का निर्धारण किसी व्यक्तिगत पसंद या सिफारिश पर नहीं होगा। पद कार्यकर्ता की क्षमता, सक्रियता, समर्पण और संगठन के प्रति भूमिका के आधार पर दिया जायेगा। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल पद वितरण का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि संगठनात्मक ढांचे को जमीनी स्तर पर मजबूत करने का अभियान है। उन्होंने कांग्रेस जनों से आपसी विश्वास और एकजुटता के साथ अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया और कहा कि मजबूत बूथ संगठन के आधार पर कांग्रेस आगामी विधानसभा चुनाव में पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित