उज्जैन , जून 05 -- मध्यप्रदेश के उज्जैन जिले में कांग्रेस ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने के उद्देश्य से दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया, जिसमें 275 मंडलम और ब्लॉक अध्यक्षों ने भाग लिया।
जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित शिविर की शुरुआत एक निजी रिसॉर्ट में पंजीयन और वंदे मातरम् गान के साथ हुई। पार्टी सूत्रों के अनुसार संगठन सृजन अभियान के दूसरे चरण के तहत पदाधिकारियों को पार्टी की नीतियों, संगठनात्मक कार्यप्रणाली और आगामी रणनीतियों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
शिविर में अनुशासन पर विशेष जोर दिया गया। प्रशिक्षण सत्रों के दौरान मीडिया का प्रवेश प्रतिबंधित रहा तथा प्रतिभागियों के मोबाइल फोन बंद रखवाए गए। प्रथम दिन आयोजित विभिन्न बौद्धिक सत्रों में जीतू पटवारी, हरीश चौधरी संजय दत्त तथा संजय कंबले ने पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करने के निर्देश दिए।
सत्रों में संविधान, संगठनात्मक विषयों और सूचना प्रौद्योगिकी के उपयोग पर भी प्रशिक्षण दिया गया। शाम को महात्मा गांधी और डॉ. भीमराव आंबेडकर के चित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर एकजुटता का संदेश दिया गया। इस अवसर पर विधायक महेश परमार, शहर कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश भाटी, जिला प्रभारी चंद्र सिंह सोंधिया, शहर प्रभारी अमित शर्मा, विधायक दिनेश जैन बोस तथा अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष रवि राय के अनुसार शिविर के दूसरे दिन प्रतिभागियों ने ग्रामीण क्षेत्र में श्रमदान कर एकजुटता का संदेश दिया। इसके बाद ध्वजारोहण और बौद्धिक सत्र आयोजित किए गए, जिनमें आगामी तीन माह की संगठनात्मक गतिविधियों और रणनीतियों पर चर्चा की गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित