यमुनानगर , सितंबर 23 -- पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी रमन त्यागी के कार्यालय में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक की गयी जिसमें 28 सितंबर को केसनी फॉर्म, पुराना सहारनपुर रोड, फतेहपुर के निकट होने वाले ग्रामीण ब्लॉक कार्यकर्ता सम्मेलन को लेकर चर्चा की गयी।
श्री त्यागी ने बताया कि सम्मेलन में कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचकर कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। बैठक के दौरान सम्मेलन की तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं की ड्यूटी लगाई गई और अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम में पहुंचने की अपील की गयी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस संगठन को मजबूत करने के लिए लगातार कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं। फिलहाल ब्लॉक स्तर पर सम्मेलन किये जा रहे हैं, जिसके बाद जिला स्तर पर भी सम्मेलन होंगे। इन सम्मेलनों के माध्यम से कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद करने के साथ संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।
बैठक में श्री त्यागी ने नगर निगम क्षेत्र में प्रॉपर्टी आईडी को लेकर आ रही परेशानियों का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि कई लोग वर्षों से पॉश कॉलोनियों में रह रहे हैं और उनकी कॉलोनियां वैध हैं, इसके बावजूद उनके मकानों की प्रॉपर्टी आईडी में एरिया को अनअप्रूव्ड दिखाया जा रहा है, जिससे लोगों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में आम लोगों की समस्याओं का उचित समाधान नहीं हो रहा है और लोगों को पोर्टल व दस्तावेजों की प्रक्रिया में उलझाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जब हरियाणा में कांग्रेस की सरकार थी और भूपेंद्र सिंह हुड्डा मुख्यमंत्री थे, तब लोगों को इस तरह की समस्याओं के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ते थे। भाजपा सरकार को जनता की समस्याओं के समाधान पर ध्यान देना चाहिए।
बैठक में विजय मारवाह, आजाद विनायक, सुरेंद्र भाटिया, विजयपाल सिंह, मोहित, जयपाल टोडर, अशोक कोहली, पोली, सुभाष शर्मा, शीशपाल और अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित