पटना , मई 02 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी शनिवार को कहा कि पार्टी संगठन की रीति-नीति के बारे में समझने और राष्ट्र निर्माण में भागीदारी सुनिश्चित करने के लिये कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण जरूरी है।
श्री सरावगी आज सीतामढ़ी में दो दिवसीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026 में शामिल हुए।
प्रदेश अध्यक्ष ने इस दौरान जिला प्रशिक्षण वर्ग के उद्घाटन सत्र में उपस्थित कार्यकर्ताओं की जमकर तारीफ की और संगठन में प्रशिक्षण के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि शारीरिक, सैद्धांतिक, और व्यावहारिक प्रशिक्षण कार्यकर्ताओं को और बेहतर बनाते हैं।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद के सिद्धांत, अंत्योदय की भावना तथा राष्ट्र को सर्वोपरि मानने के उनके विचारों को आत्मसात कर संगठन को और अधिक सशक्त एवं जनसेवा के प्रति समर्पित बनाने का आह्वान किया।
श्री सरावगी ने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण वर्ग न केवल कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से सशक्त बनाते हैं, बल्कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण वर्ग कार्यकर्ताओं को नई दिशा, नई ऊर्जा और सेवा का नया संकल्प प्रदान करेगा, जिससे संगठन और अधिक सशक्त होकर समाज के हर वर्ग के कल्याण में अग्रणी भूमिका निभाएगा।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि हम राष्ट्र को प्रथम मानकर इस प्रशिक्षण वर्ग को करा रहे हैं। प्रशिक्षण के माध्यम से संगठन को मजबूत करना हमारा उद्देश्य है।
इससे पहले कार्यक्रम की शुरुआत मां भारती, पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करने एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित