भिवानी , अक्टूबर 18 -- हरियाणा के भिवानी में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जिला अध्यक्ष वीरेन्द्र कौशिक ने कहा है कि संगठन की मजबूती का आधार शक्ति केंद्र और बूथ स्तर के कार्यकर्ता है।

श्री कौशिक की अध्यक्षता में बापोड़ा और बीरन के शक्ति केंद्रों की एक बैठक आयोजित की गई।

बैठक में संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत बनाने, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने तथा केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने पर विस्तार से चर्चा की गई।

उन्होंने कहा कि भाजपा की असली ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता और मजबूत संगठनात्मक ढांचे में निहित है। शक्ति केंद्र और बूथ स्तर के कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ हैं। उनकी सक्रियता से पार्टी की नीतियों और सरकार की उपलब्धियों को आमजन तक पहुंचाया जाता है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरी निष्ठा और ऊर्जा के साथ संगठनात्मक गतिविधियों में जुटने तथा जनता के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल चुनाव के समय सक्रिय रहने वाला संगठन नहीं है, बल्कि जनसेवा और राष्ट्रसेवा के संकल्प के साथ निरंतर कार्य करती है।

श्री कौशिक ने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है कि वह सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने में सहयोग करे और आमजन की समस्याओं को संगठन के माध्यम से उचित मंच तक पहुंचाए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित