ब्रिस्टल , सितंबर 17 -- भारतीय क्रिकेटर साई किशोर ने 126 रन पर सात विकेट गंवाकर संकट में फंसी ग्लॉस्टरशायर के लिए 71 रन की अहम पारी खेली। साई किशोर ने दारयुश अहमद के साथ आठवें विकेट के लिए 144 रन की साझेदारी की और ग्लॉस्टरशायर को संकट से बाहर निकाला। रोथसे काउंटी चैंपियनशिप डिविज़न टू में ब्रिस्टल के सीट यूनिक स्टेडियम में खेले जा रहे मैच के दूसरे दिन इस साझेदारी ने मिडिलसेक्स की वापसी की उम्मीदों को बड़ा झटका दिया। मिडिलसेक्स ने अपनी पहली पारी 326 रन पर समाप्त की। जवाब में ग्लॉस्टरशायर ने खराब शुरुआत की। पहले विकेट के लिए 42 रन जोड़े गए और 79 के स्कोर तक तीन बल्लेबाज पवेलियन में थे। इसके बाद मध्यक्रम ताश की पत्तों की तरह बिखर गया। 128 तक पहुंचते -पहुंचते टीम के सात बल्लेबाज पवेलियन लौट गए थे।
हालांकि इसके बाद मिडिलसेक्स को कोई सफलता नहीं मिली। दक्षिण एशियन क्रिकेट अकादमी से जुड़े दारयुश अहमद ने 117 गेंदों में छह चौकों और तीन छक्कों की मदद से नाबाद 90 रन बनाए। यह उनके प्रथम श्रेणी करियर का सर्वोच्च स्कोर है। वहीं भारतीय स्पिनर साई किशोर ने 131 गेंदों पर 71 रन बनाए और सात छक्के जड़े। दोनों के बीच आठवें विकेट के लिए 144 रन की साझेदारी हुई। इसकी बदौलत ग्लॉस्टरशायर 296 रन तक पहुंच गया। टीम पहली पारी में केवल 30 रन पीछे रही। दिन का खेल समाप्त होने तक मिडिलसेक्स ने दूसरी पारी में बिना विकेट गंवाए 17 रन बना लिए थे और उनकी कुल बढ़त 47 रन की हो गई थी।
ग्लॉस्टरशायर के लिए जेम्स लैंगरिज सीजन के आखिरी हिस्से में शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। समरसेट से लोन पर आए 20 वर्षीय गेंदबाज ने सुबह के चौथे ओवर में डैन फर्न्स को बोल्ड किया। इसके साथ ही इस सीजन में उनके विकेटों की संख्या 13 हो गई। टोबी रोलैंड-जोन्स 45 रन बनाकर नाबाद रहे। इस तरह से मिडिलसेक्स की पहली पारी 326 रनों पर समाप्त हुई।
जवाब में ग्लॉस्टरशायर की शुरुआत बेहद ख़राब रही और टीम 128 रन पर सात विकेट गंवाकर फ़ॉलोऑन के कगार पर पहुंच गई। सलामी बल्लेबाज जो फिलिप्स 23 रन बनाकर सेब मॉर्गन का शिकार बने। इसके बाद रयान हिगिंस ने धारदार गेंदबाज़ी करते हुए ओली प्राइस (15) और टॉमी बूरमन (32) को बोल्ड किया, जबकि माइल्स हैमंड खाता भी नहीं खोल सके। हिगिंस ने 11 ओवर में पांच मेडन डालते हुए महज़ 16 रन देकर तीन विकेट झटके। कमरान धरिवाल और एड मिडलटन के शून्य पर आउट होने से ग्लॉस्टरशायर गहरे संकट में आ गई। ऐसे संकट के समय दक्षिण एशियन क्रिकेट अकादमी से जुड़े 25 वर्षीय अहमद और इंडिया ए के स्पिनर साई किशोर ने पारी को संभाला। दोनों के बीच आठवें विकेट के लिए शतकीय साझेदारी हुई, जिसने टीम को फॉलोऑन से बाहर निकाला।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित