वाराणसी , मार्च 30 -- आध्यात्मिक नगरी काशी के संकटमोचन मंदिर में 6 से 11 अप्रैल तक 103वें संकटमोचन संगीत समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस प्रतिष्ठित समारोह में 11 पद्म पुरस्कार विजेता कलाकारों के साथ 14 मुस्लिम कलाकार भी शास्त्रीय संगीत की प्रस्तुतियाँ देंगे। संकटमोचन मंदिर के महंत प्रो. विश्वंभरनाथ मिश्र ने सोमवार को बताया कि इस बार पहली बार 14 मुस्लिम कलाकार हनुमान जी के दरबार में अपनी प्रस्तुति देंगे। उन्होंने कहा, "यह हनुमान जी का दरबार है, यहां आने वाले कलाकारों की जाति और धर्म नहीं पूछा जाता, सभी का स्वागत है।"समारोह में लोकगायिका मालिनी अवस्थी, भजन एवं गजल गायक अनूप जलोटा सहित 150 से अधिक कलाकार भाग लेंगे। इसके अलावा पंडित रतिकांत महापात्र, पंडित उल्हास काशलकर, बांसुरी वादक रोनू मजूमदार तथा पंडित हरिप्रसाद चौरसिया के साथ शिवमणि और यू. राजेश की जुगलबंदी भी आकर्षण का केंद्र होगी।
इससे पहले 2 से 5 अप्रैल तक संकटमोचन हनुमान जयंती के अवसर पर मंदिर में भव्य रामायण सम्मेलन का आयोजन होगा, जिसमें विभिन्न शहरों से रामायण मंडलियां और मानस वक्ता भाग लेंगे। दो अप्रैल को सुबह पूजन-आरती और झांकी के साथ कार्यक्रम की शुरुआत होगी, इसके बाद रामायण पाठ और रातभर भजन-कीर्तन का आयोजन किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि इस संगीत समारोह की शुरुआत वर्ष 1923 में महंत अमरनाथ मिश्र ने की थी, जो समय के साथ एक स्थानीय आयोजन से बढ़कर राष्ट्रीय स्तर की सांस्कृतिक परंपरा बन चुका है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित