चंडीगढ़ , जुलाई 02 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने मुख्यमंत्री भगवंत मान के बेंगलुरु दौरे को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है और आरोप लगाया कि एक ओर पंजाब बाढ़ के खतरे, आर्थिक संकट, किसानों की समस्याओं और बढ़ते जनाक्रोश से जूझ रहा है, वहीं मुख्यमंत्री विपश्यना के लिए बेंगलुरु चले गये हैं।

गुरुवार को यहां जारी एक बयान में श्री ढिल्लों ने कहा कि ऐसे समय में जब राज्य के कई हिस्सों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं और नहरों तथा माइनरों में कई स्थानों पर टूट-फूट की घटनायें सामने आ रही हैं, मुख्यमंत्री का राज्य से बाहर जाना सरकार की प्राथमिकताओं पर गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि धान की खेती के लिए किसानों को पर्याप्त बिजली नहीं मिल रही, पंजाब का कर्ज लगातार बढ़ रहा है, सरकारी कर्मचारी आंदोलन कर रहे हैं और महिलाओं से किए गए वादे पूरे नहीं किये गये हैं। उनके अनुसार इन सभी मुद्दों पर मुख्यमंत्री जवाबदेही से बच रहे हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने यह भी आरोप लगाया कि श्री मान स्वतंत्र रूप से निर्णय लेने के बजाय दिल्ली के निर्देशों पर काम कर रहे हैं, जिसके कारण पंजाब के हितों की लगातार अनदेखी हो रही है।

श्री ढिल्लों ने कहा कि पंजाब की जनता अब आम आदमी पार्टी और उसके राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के वादों और राजनीतिक दिखावे में नहीं आने वाली है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में जनता सरकार से हर मुद्दे पर जवाब मांगेगी और चुनाव में इसका जवाब भी देगी।

मुख्यमंत्री के बेंगलुरु दौरे पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार का कार्यकाल अब अधिक नहीं बचा है और पंजाब की जनता जल्द ही इसे 'स्थायी छुट्टी' पर भेजने का फैसला करेगी, जिसके बाद मुख्यमंत्री के पास छुट्टियां मनाने के लिए पर्याप्त समय होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित