दुबई , अक्टूबर 14 -- अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की ताजा रैंकिंग में भारतीय टी-20 कप्तान श्रेयस अय्यर बल्लेबाजी रैंकिंग में तीन पायदान की छलांग लगाकर चौथे स्थान पर पहुंच गए हैं। इसी के साथ शीर्ष चार में से तीन स्थानों पर अब भारतीय बल्लेबाजों का कब्जा हो गया है। इशान किशन शीर्ष पर और अभिषेक शर्मा दूसरे नंबर पर हैं। श्रेयस ने लखनऊ में वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टी-20 में अपना पहला टी-20 शतक बनाया था, और इसके बाद रांची में दूसरे मैच में 18 गेंदों में 40 रनों की पारी खेली थी। तिलक वर्मा भी टी-20 रैंकिंग चार्ट में एक पायदान ऊपर चढ़कर नौवें स्थान पर आ गए हैं।

रांची टी-20 में शतक लगाकर अपनी टीम को जीत दिलाने वाले शाई होप भी रैंकिंग में दो पायदान ऊपर चढ़कर 11वें स्थान जबकि शरफेन रदरफोर्ड रैंकिंग में अपने करियर के सर्वश्रेष्ठ 24वें स्थान पर पहुंच गए हैं।

टेस्ट क्रिकेट में एडन मारक्रम, डरबन में ऑस्ट्रेलिया के खिलाप अपनी जुझारू दूसरी पारी के अर्धशतक के बाद, 14वें स्थान से चार पायदान ऊपर चढ़कर अक्टूबर 2019 के बाद पहली बार बल्लेबाजी चार्ट के शीर्ष 10 में वापस आ गए हैं।

इस बीच, ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज मैट रेनशॉ ने रैंकिंग में 147 पायदानों की एक शानदार छलांग लगाई है, और वह टेस्ट बल्लेबाजी रैंकिंग में 196वें स्थान से संयुक्त रूप से 49वें स्थान पर पहुंच गए हैं। रेनशॉ का दक्षिण अफ्रीका के खिलाप टेस्ट मैच बेहद शानदार रहा था, जहां उन्होंने 190 और 82 रन बनाकर ऑस्ट्रेलिया को 214 रनों की शानदार जीत दिलाने में मदद की थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित