तुमकुर/विजयनगर , मई 03 -- कर्नाटक में रविवार को श्रृंगेरी विधानसभा क्षेत्र में वोटों की दोबारा गिनती को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस ने एक दूसरे पर चुनावी धांधली, मतपत्रों से छेड़छाड़ और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया।

कर्नाटक भाजपा अध्यक्ष विजयेंद्र येदियुरप्पा ने दावा किया कि वोटों की दोबारा गिनती के बाद भाजपा के पूर्व विधायक डीएन जीवरज विजयी हुए हैं, जबकि उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने भाजपा नेताओं और अधिकारियों पर चुनाव के बाद मतपत्रों में हेरफेर करके 'एक बड़ा अपराध' करने का आरोप लगाया है।

श्री विजयेंद्र ने तुमकुर में मीडिया से बात करते हुए कहा कि वोटों की दोबारा गिनती ने श्रृंगेरी में चुनाव नतीजों को लेकर भाजपा के लंबे समय से चले आ रहे आरोपों को सही साबित कर दिया है।

उन्होंने कहा, "शनिवार को श्रृंगेरी विधानसभा क्षेत्र में वोटों की दोबारा गिनती होने के बाद हमें यह बताते हुए खुशी हो रही है कि हमारे भाजपा के पूर्व विधायक डीएन जीवरज 66 वोटों से जीत गए हैं। मुझे नहीं पता कि संबंधित अधिकारी नतीजों की घोषणा करने में इतनी देरी क्यों कर रहे हैं।"भाजपा नेता ने स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर वोटों की मूल गिनती के दौरान धांधली करने का आरोप लगाया और दावा किया कि दोबारा गिनती ने 'सच' को सामने ला दिया है।

श्री विजयेंद्र ने जोर देकर कहा, "हमें खुशी है कि लोगों ने पिछले विधानसभा चुनाव में ही जीवरज को अपना आशीर्वाद दिया था। लेकिन दुर्भाग्य से स्थानीय कांग्रेस नेता द्वारा की गई धांधली के कारण जीवरज के साथ अन्याय हुआ था। अब सच सामने आ गया है।"वहीं कांग्रेस ने करारा पलटवार करते हुए आरोप लगाया कि मतदान के बाद मतपत्रों के साथ बड़े पैमाने पर छेड़छाड़ की गई। श्री शिवकुमार ने विजयनगर में भाजपा उम्मीदवार और चुनाव कर्मचारियों पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि मतपेटियों को गैर-कानूनी तरीके से खोला गया और वोटों में बदलाव किया गया, ताकि कांग्रेस के पक्ष में डाले गए वोटों को अमान्य किया जा सके।

उन्होंने आरोप लगाया, "श्रृंगेरी चुनाव के बाद एक बड़ा अपराध किया गया है। भाजपा उम्मीदवार ने जूनियर अधिकारियों के साथ मिलकर मतपेटियों को खोला है और उनके साथ छेड़छाड़ की है।" श्री शिवकुमार ने दावा किया कि अधिकारियों को कांग्रेस उम्मीदवार के लिए डाले गए 280 से अधिक वोटों में हेरफेर मिला।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित