प्रयागराज , सितंबर 7 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में नवाबगंज क्षेत्र के श्रृंगवेरपुर धाम के पास राम वन गमन पथ परियोजना के तहत बनाई जा रही सड़क कई स्थानों पर उखड़ने और धंसने लगी है। सड़क क्षतिग्रस्त होने के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद संबंधित विभाग ने मरम्मत का काम शुरू करा दिया है।
अयोध्या से चित्रकूट तक करीब 210 किलोमीटर लंबे राम वन गमन पथ का निर्माण कराया जा रहा है। श्रृंगवेरपुर धाम के पास करीब 100 मीटर के दायरे में सड़क कई स्थानों से उखड़ गई है। सड़क के किनारे बना बॉर्डर भी कई जगह क्षतिग्रस्त हो गया है। सड़क के धंसने और उखड़ने के वीडियो सामने आने के बाद निर्माण की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
सड़क के क्षतिग्रस्त होने को लेकर जब उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य से सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि अभी बारिश का मौसम है। यदि सड़क धंसी है तो उसकी मरम्मत भी कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि राम वन गमन पथ परियोजना के लिए सरकार की ओर से करीब 4,400 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया है।
श्रृंगवेरपुर धाम वह ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थल है, जहां मान्यता के अनुसार वनवास के दौरान भगवान राम पहुंचे थे। यहां निषादराज ने भगवान राम को नाव से गंगा पार कराई थी। धार्मिक महत्व को देखते हुए सरकार की ओर से श्रृंगवेरपुर धाम के विकास और सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि यहां आने वाले श्रद्धालु भगवान राम से जुड़े स्थलों और मंदिरों के दर्शन कर सकें।
ऐसे में परियोजना के तहत बनाई जा रही सड़क के निर्माण के कुछ ही समय बाद उखड़ने और धंसने की घटना ने निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि विभाग की ओर से क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत शुरू करा दी गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित