जयपुर , अक्टूबर 01 -- राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने गुरुवार को जयपुर जिले में किशनगढ़ रेनवाल में शिरडी साई बाबा आयुर्वेदिक कॉलेज एवं हॉस्पिटल मुण्डियागढ़ के तीन कार्मिकों को 35 हजार रुपये की रिश्वत के प्रकरण में गिरफ्तार किया।

ब्यूरो के पुलिस महानिदेशक गोविन्द गुप्ता ने बताया कि इस मामे में इस संस्थान के उपनिदेशक एवं क्वालिटी कन्ट्रोल लैब इंचार्ज योगेश कुमार अपूर्वा एवं कैशियर-स्टोर कीपर रमेश कुमार शर्मा तथा कम्प्यूटर ऑपरेटर एवं कनिष्ठ सहायक राजकुमार मीणा को गिरफ्तार किया गया हैं।

श्री गुप्ता ने बताया कि एसीबी जयपुर नगर प्रथम, जयपुर इकाई को एक लिखित शिकायत प्राप्त हुई थी कि इस संस्थान में पढ़ रही एक छात्रा के अन्य कॉलेज से इंटर्नशिप करने के लिए एनओसी जारी करने की एवज में 40 हजार रुपये रिश्वत की मांग की जा रही है।

शिकायत पर रिश्वत मांग का सत्यापन के दौरान 40 हजार रुपये रिश्वत की मांग कर 35 हजार रुपए रुपये लेना तय होने के तथ्य सामने आये। इस पर एसीबी टीम द्वारा ट्रेप कार्यवाही करते हुए श्री रमेश कुमार शर्मा को परिवादी से 35 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया। ट्रेप कार्यवाही के दौरान पूछताछ में श्री राजकुमार मीणा, श्री योगेश कुमार अपूर्वा की भी इस रिश्वत प्रकरण में आपराधिक संलिप्तता पाये जाने पर इन दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित