वाराणसी , सितंबर 12 -- श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पूर्व महासचिव चंपत राय शनिवार को वाराणसी पहुंचे। काशी आगमन पर उन्होंने मणिकर्णिका घाट स्थित सिद्धपीठ नरसिंह मठ में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच योगीराज स्वामी नरसिंह भारती की जीवित समाधि के दर्शन-पूजन किए।

इसके बाद श्री राय ने श्री कोलाहल नरसिंह भगवान, श्री राम जन्मभूमि आंदोलन में पूजित भगवान राम की प्रतिमा, श्री त्रिकोटेश्वर महादेव तथा संत ज्ञानेश्वर जी की पूजा-अर्चना की।

काशी की गलियों में भ्रमण के दौरान श्री राय ने कहा, "आध्यात्मिक नगरी काशी सदैव ज्ञान और प्रकाश देती आई है। ऐसे पवित्र स्थान पर आना सुखद आनंद की अनुभूति कराता है। यहां वेद मंत्रों की ध्वनि और सिद्ध संतों का दर्शन सौभाग्य की बात है। यह परम सुख प्रदान करने वाली आध्यात्मिक नगरी है।"इस अवसर पर उनके साथ विजय चौधरी, विकास मेहरा, सुरेश जायसवाल, परशुराम उपाध्याय, समर्थ केसरी, राष्ट्रवादी सौरभ, रामकृष्ण गुप्ता, अधिवक्ता अनुपम खन्ना और संकल्प जी सहित अन्य लोग मौजूद रहे। सिद्धपीठ नरसिंह मठ में श्री राय का स्वागत ज्योतिषाचार्य बिट्टू झा, नितिन शुक्ला, अभिनव दुबे, अनंत जोशी, सुजीत चौधरी, आशीष कोइराला और अनूप महाराज सहित अन्य लोगों ने किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित