उज्जैन , अक्टूबर 23 -- मध्यप्रदेश के उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी), मुंबई की टीम ने शुक्रवार रात मॉक ड्रिल आयोजित की। रात 11 बजे शुरू हुई यह कवायद मध्यरात्रि तक चली।
श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, मॉक ड्रिल में एनएसजी के लगभग 150 जवानों ने हिस्सा लिया। इस दौरान मंदिर परिसर में संभावित आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने, सुरक्षा बलों की तत्परता, विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के बीच समन्वय और त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता का अभ्यास किया गया।
मॉक ड्रिल के दौरान आपातकालीन सुरक्षा प्रोटोकॉल का भी आकलन किया गया। इसका उद्देश्य मंदिर परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाना तथा किसी भी आपात स्थिति में समय पर और समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित करना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित