उज्जैन , दिसंबर 23 -- केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री एवं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जेपी नड्डा ने उज्जैन प्रवास के दौरान बाबा महाकालेश्वर के शिखर दर्शन कर गहरी आध्यात्मिक अनुभूति व्यक्त की। उन्होंने कहा कि जहां आप ठहरे हों वहीं से बाबा महाकाल के शिखर दर्शन होना एक अद्भुत और भावविभोर करने वाला अनुभव है। यहां आकर आत्मिक और आध्यात्मिक अनुभूति होती है।
केंद्रीय मंत्री श्री नड्डा उज्जैन प्रवास के दौरान सोमवार देर रात बाबा महाकाल की संध्या आरती में शामिल हुए और मंदिर के समीप महाराज वाड़ा में निर्मित हेरिटेज होटल में रात्रि विश्राम किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उन्हें सम्राट विक्रमादित्य हेरिटेज होटल का अवलोकन कराया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया कि यह भवन पूर्व में स्कूल था, जिसे पर्यटन विभाग द्वारा जीर्णोद्धार और नवीनीकरण कर भव्य हेरिटेज होटल के रूप में विकसित किया गया है। इससे उज्जैन आने वाले श्रद्धालुओं को पवित्र नगरी में हेरिटेज अनुभव का लाभ मिल सकेगा। यह हेरिटेज होटल उज्जैन के गौरवशाली इतिहास और पुरातन परंपराओं का साक्षी भी बना रहेगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने केंद्रीय मंत्री श्री नड्डा को महाराज वाड़ा स्थित सम्राट विक्रमादित्य हेरिटेज होटल के रूफ टॉप पर ले जाकर बाबा महाकाल के शिखर दर्शन भी करवाए। इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जहां सुबह-शाम बाबा की आरती की गूंज सुनाई दे और आध्यात्मिक चेतना बनी रहे, वह अनुभव अविस्मरणीय है। बाबा महाकाल आदिकाल से सभी को आशीर्वाद देते आ रहे हैं।
केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नड्डा ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश में सराहनीय कार्य हो रहे हैं। प्रदेश में औद्योगीकरण की नई बयार बह रही है और उज्जैन में हेरिटेज वॉक के साथ विकास और पुरातन परंपराओं का सुंदर समन्वय देखने को मिलता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित