देहरादून , मई 15 -- उत्तराखंड में श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने शुक्रवार को बताया कि राज्य में 2026 की चारधाम यात्रा के दौरान श्री बदरीनाथ एवं केदारनाथ धाम में दिव्यांग तथा 70 वर्ष से अधिक के बुजुर्ग श्रद्धालुओं को प्राथमिकता के आधार पर दर्शन कराए जा रहे हैं। उन्हें लंबी कतारों से राहत देने के लिए अलग मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) और विशेष काउंटर से पास की सुविधा दी जा रही है।

बीकेटीसी अध्यक्ष ने कहा कि समिति द्वारा श्री बदरीनाथ एवं श्री केदारनाथ धाम में आने वाले वृद्ध एवं दिव्यांग श्रद्धालुओं के सम्मान, सुरक्षा एवं सुगम दर्शन के लिए प्राथमिक दर्शन सुविधा उपलब्ध कराये जाने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने बताया कि मंदिर समिति द्वारा दोनों धामों में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं, जिससे बुजुर्ग और दिव्यांग भक्तों को सुगम एवं सुरक्षित दर्शन का लाभ मिल सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित