जशपुर , मई 15 -- छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में स्थित कुनकुरी थाना क्षेत्र में शुक्रवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में पिकअप चालक की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पुल से टकरा गई और नीचे जा गिरी। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक पिकअप वाहन में आम लदे हुये था और वाहन तपकरा से कुनकुरी की ओर आ रहा था। हादसे के समय वाहन में चालक अकेला था। यह घटना कुनकुरी थाना क्षेत्र के खारी झरिया श्री नदी पुल पर तड़के करीब चार बजे हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके चलते चालक नियंत्रण खो बैठा और पिकअप सीधे पुल से टकराकर नीचे जा गिरी।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश पाटनवार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही कुनकुरी पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार मानी जा रही है। पुलिस मृतक चालक की पहचान और अन्य कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित