जयपुर , अक्टूबर 04 -- उत्तर प्रदेश विधान सभा अध्यक्ष सतीश महाना ने रविवार को यहां राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी से मुलाकात की।

श्री महाना ने श्री देवनानी से सिविल लाइंस स्थित राजकीय आवास पर मुलाकात की।दोनों विधानसभा अध्यक्षों के बीच देश की लोकतांत्रिक एवं विधायी परम्पराओं, विधानसभाओं के सुचारु संचालन तथा सदनों की कार्यप्रणाली से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।

श्री देवनानी ने कहा कि देश की विधान सभाएं लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारभूत संस्थाएं हैं। इनके माध्यम से जनप्रतिनिधि जनभावनाओं को सदन तक पहुंचाने के साथ ही जनहित से जुड़े विषयों पर सार्थक विमर्श करते हैं। उन्होंने कहा कि विभिन्न राज्यों की विधानसभाओं के बीच अनुभवों और श्रेष्ठ संसदीय परम्पराओं का आदान-प्रदान लोकतांत्रिक संस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने में सहायक है।

श्री महाना ने राजस्थान विधान सभा की गौरवशाली संसदीय परम्पराओं की सराहना करते हुए श्री देवनानी को राजस्थान विधानसभा के 75 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित अमृत महोत्सव के लिए शुभकामनाएं दीं। दोनों अध्यक्षों ने विधायी अनुभवों के परस्पर आदान-प्रदान को निरंतर बनाए रखने की आवश्यकता जताई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित