अमृतसर , मई 06 -- शिरोमणि कमेटी के मुख्य सचिव कुलवंत सिंह मन्नण ने बुधवार को कहा कि परिक्रमा में आने वाली संगतों से कुछ व्लॉगर और मीडिया कर्मियों द्वारा बिना आवश्यकता सवाल-जवाब किये जाने से दर्शन के लिए आयी संगतों को अक्सर परेशानी का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि इसलिए मीडिया को श्री दरबार साहिब की परिक्रमा के भीतर किसी से भी सवाल-जवाब कर वीडियो बनाने से परहेज करना चाहिए।
श्री मन्नण ने कहा कि सचखंड श्री हरिमंदिर साहिब में प्रतिदिन लाखों श्रद्धालु नतमस्तक होने पहुंचते हैं। इस दौरान मीडिया द्वारा संगतों से सवाल-जवाब करने से न केवल उनकी धार्मिक भावनाएं आहत होती हैं, बल्कि परिक्रमा की पवित्र मर्यादा में भी विघ्न पड़ता है। उन्होंने कहा कि श्री अकाल तख्त साहिब से पहले ही आदेश हैं कि श्री दरबार साहिब की परिक्रमा में किसी भी प्रकार की बाइट आदि न की जाये।
उन्होंने सभी मीडिया संस्थानों और पत्रकार बिरादरी से अपील की कि वे परिक्रमा के भीतर किसी भी प्रकार के सवाल-जवाब या इंटरव्यू करने से बचें। यदि किसी मामले में संगतों की प्रतिक्रिया लेना जरूरी हो, तो यह कार्य परिक्रमा से बाहर निर्धारित स्थानों पर ही किया जाये, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि बीते दिनों एक निजी चैनल द्वारा परिक्रमा में संगत के साथ रिकॉर्ड की जा रही बातचीत को सेवादारों द्वारा रोके जाने पर उल्टा सेवादारों पर सवाल उठाना बेहद दुखद है। ऐसा करना उचित नहीं है और मीडिया को नियमों का पालन करना चाहिए।
इसी दौरान मुख्य सचिव कुलवंत सिंह मन्नण ने प्रेस और मीडिया संस्थानों से यह भी अपील की कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) तकनीक के दुरुपयोग से सचखंड श्री हरिमंदिर साहिब, सिख गुरु साहिबान या सिख प्रतीकों से संबंधित तैयार की गयी किसी भी अपमानजनक सामग्री का प्रसारण न किया जाये। उन्होंने कहा कि यदि ऐसे मामलों की खबर देनी हो तो उसे केवल तथ्यों तक सीमित रखा जाये और वीडियो या तस्वीरों को दिखाने अथवा दोहराने से परहेज किया जाये। उन्होंने कहा कि मीडिया अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए ऐसी संवेदनशील सामग्री के संबंध में लोगों को संबंधित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और अधिकृत एजेंसियों को रिपोर्ट करने के लिए प्रेरित करे। उन्होंने संगतों से भी अपील की कि ऐसी सामग्री को आगे साझा न करें, बल्कि उसकी रिपोर्ट करें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित